वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। विधानसभा क्षेत्र बस्ती सदर के गनेशपुर चैनपुर में पूर्व विधायक दयाराम चौधरी द्वारा चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों और वार्डवासियों को केंद्रीय बजट 2026-27 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी गई। चौपाल में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और बजट से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर संवाद हुआ।
पूर्व विधायक ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 विकास, रोजगार सृजन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने पर केंद्रित है। बजट में पूंजीगत व्यय बढ़ाकर सड़क, रेल, बिजली, आवास और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को गति दी गई है, जिससे गांव-कस्बों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने बताया कि इससे स्थानीय स्तर पर व्यापार और निर्माण गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
कृषि क्षेत्र पर चर्चा करते हुए दयाराम चौधरी ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि आधारित स्टार्टअप, भंडारण, सिंचाई और आधुनिक तकनीक को प्रोत्साहन दिया गया है। इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा और कृषि आधारित उद्योगों का विकास होगा।
उन्होंने बताया कि बजट में युवाओं के लिए कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को विस्तार दिया गया है, ताकि युवा आत्मनिर्भर बन सकें। शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश बढ़ाकर सुविधाओं को सुदृढ़ करने का लक्ष्य रखा गया है।
एमएसएमई और छोटे व्यापारियों के लिए सस्ते ऋण, क्रेडिट गारंटी और वित्तीय सहायता की व्यवस्था की गई है। चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पानी, बिजली और रोजगार से जुड़ी समस्याएं रखीं, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम का समापन संवाद और जन-जागरूकता संदेश के साथ हुआ।

No comments:
Post a Comment