वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने विकसित भारत बजट 2026-27 पर आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि विकसित भारत 2047 का स्पष्ट रोडमैप है। उन्होंने कहा कि देश की युवा आबादी भारत की सबसे बड़ी ताकत है और सरकार की प्रत्येक योजना में युवाओं को केंद्र में रखा गया है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2014-15 में जहां बुनियादी ढांचे का बजट 2 लाख करोड़ रुपये था, वहीं इसे बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपये कर दिया गया है। सात नए हाई स्पीड रेल कॉरिडोर, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर तथा 20 नए जलमार्गों की शुरुआत से उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश को लाभ मिलेगा। रक्षा बजट में 15 प्रतिशत वृद्धि कर इसे 7.85 लाख करोड़ रुपये किया गया है, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता दर्शाता है।
मैन्युफैक्चरिंग और आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया और पीएलआई योजनाओं के माध्यम से रोजगार सृजन को बढ़ावा दिया जा रहा है। बायोफार्मा, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग और केमिकल पार्क जैसी योजनाएं भारत को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ाएंगी। एमएसएमई क्षेत्र के लिए 10,000 करोड़ रुपये का एसएमई ग्रोथ फंड तथा 200 औद्योगिक समूहों के पुनरुद्धार की घोषणा की गई है।
उन्होंने बताया कि स्किल डेवलपमेंट बजट में 62 प्रतिशत वृद्धि, 15,000 स्कूलों व 500 कॉलेजों में कंटेंट लैब तथा प्रत्येक जिले में गर्ल्स हॉस्टल की स्थापना युवाओं और महिलाओं को सशक्त बनाएगी।
कार्यक्रम को क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। अंत में श्री चौधरी ने युवाओं से बजट की विशेषताओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

No comments:
Post a Comment