वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। संस्कृत भाषा को जनसामान्य के बीच लोकप्रिय बनाने तथा संस्कृत नाट्य परंपरा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान, लखनऊ के सहयोग से युवा विकास समिति, बस्ती द्वारा 20 फरवरी से 06 मार्च तक 15 दिवसीय निःशुल्क संस्कृत नाट्य प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।
कार्यशाला के माध्यम से संस्कृत विषय में रुचि रखने वाले विद्वानों, कलाकारों एवं नवोदित नाटककारों को मंचन और संगीत प्रशिक्षण के जरिए संस्कृत साहित्य से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान अभिनय कला, स्वर-संभाषण, रंगमंच की तकनीकें (प्रकाश व्यवस्था, सेट एवं वेशभूषा), शारीरिक अभिनय, चरित्र चित्रण, पटकथा लेखन तथा निर्देशन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को नाटक में शरीर के प्रभावी उपयोग, आवाज के उतार-चढ़ाव, हाव-भाव की बारीकियों, सेट डिजाइन, प्रकाश व्यवस्था, ध्वनि संचालन एवं मंच प्रबंधन की तकनीकों से भी परिचित कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त दृश्यात्मक कहानी कहने की कला, चरित्र निर्माण, माइम तथा संवाद के बिना अभिनय की विधाओं का भी अभ्यास कराया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को संस्कृत भाषा में अभिनय के बुनियादी सिद्धांतों से परिचित कराना, उनमें आत्मविश्वास का विकास करना तथा प्रशिक्षण के अंत में एक संस्कृत नाटक के सफल मंचन के लिए तैयार करना है। 15 दिवसीय प्रशिक्षण के उपरांत 07 मार्च को प्रतिभागियों द्वारा संस्कृत नाटक की प्रस्तुति भी की जाएगी।
संस्था के सचिव बृहस्पति कुमार पाण्डेय ने बताया कि कार्यशाला में कुल 20 प्रतिभागियों को अवसर प्रदान किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी मिश्रौलिया स्थित संस्थान कार्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर 19 फरवरी तक भरा हुआ आवेदन जमा कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी मोबाइल नंबर 9598975008 पर संपर्क कर सकते हैं।

No comments:
Post a Comment