वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। थाना दुधारा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित 15,000 रुपये के इनामिया अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के कब्जे से अवैध गांजा भी बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक जनपद संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार के पर्यवेक्षण में जनपद में अपराध व अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक थाना दुधारा अरविन्द शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 08 फरवरी 2026 को थाना कोतवाली खलीलाबाद पर पंजीकृत मु0अ0सं0 794/2025 धारा 2(b)(i)/3(1) यूपी गैंगस्टर एक्ट से संबंधित वांछित अभियुक्त राजपाल प्रजापति पुत्र रामजी प्रजापति निवासी जगतबेला, थाना चिलुआताल, जनपद गोरखपुर को छपिया–छितौना रोड के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय रवाना कर दिया गया है।
घटना का संक्षिप्त विवरण
विदित हो कि 30 मार्च 2025 को वादिनी द्वारा थाना कोतवाली खलीलाबाद पर प्रार्थना पत्र दिया गया था कि वह बरदहिया बाजार से सामान लेकर ई-रिक्शा से जा रही थी, तभी मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों ने झपट्टा मारकर उसका मंगलसूत्र छीन लिया और मौके से फरार हो गए। इस संबंध में थाना कोतवाली खलीलाबाद पर मु0अ0सं0 260/2025 धारा 304(1) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। उक्त मामले में वांछित अभियुक्त राजपाल प्रजापति के विरुद्ध 15,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

No comments:
Post a Comment