बांसगांव (गोरखपुर)। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के अंतर्गत एमएसएमई-विकास कार्यालय, कानपुर द्वारा विकास खण्ड सभागार, बांसगांव, गोरखपुर में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों के लिए एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 110 से अधिक विश्वकर्मा-बंधुओं (शिल्पकारों/कारीगरों) — गुड़िया एवं खिलौना निर्माता, सोनार, लोहार, बढ़ई, मोची, धोबी, नाई, दर्जी आदि ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का संचालन नीरज कुमार, सहायक निदेशक द्वारा किया गया। अविनाश कुमार अपुर्व ने अपने स्वागत भाषण में उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों एवं पीएम विश्वकर्मा लाभार्थियों का स्वागत करते हुए योजना की विस्तृत जानकारी दी।
अखिलेश कुमार, सहायक प्रबंधक (उद्योग), गोरखपुर ने पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभों के साथ-साथ राज्य सरकार की अन्य योजनाओं की भी जानकारी प्रदान की। डॉ. संजय भारती (उद्यमी) ने विश्वकर्मा बंधुओं को डिजिटल एवं ई-कॉमर्स माध्यमों से विपणन से जुड़ने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई।
सुबोध कुमार, शाखा प्रबंधक, बांसगांव ने ऋण संबंधी विस्तृत जानकारी दी। वसीम रजा, सहायक प्रबंधक, भारतीय डाक, गोरखपुर ने डाक विभाग द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे सहयोग पर प्रकाश डाला। हरि नारायण भारती, डीपीएमयू, गोरखपुर ने पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी साझा की।
अपने संबोधन में नीरज कुमार, सहायक निदेशक/समन्वयक (पीएमवी) ने योजना की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि देश में 5 वर्षों में 30 लाख विश्वकर्मा कारीगरों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसे मात्र 1.5 वर्ष में ही प्राप्त कर लिया गया है। उत्तर प्रदेश में कुल 1,78,031 विश्वकर्मा लाभार्थियों का पंजीकरण हुआ है, जिनमें से 1,40,440 को कौशल प्रशिक्षण प्राप्त हुआ है। 14,927 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृत किया गया तथा 66,821 टूलकिट वितरित किए गए हैं। उन्होंने इसे योजना की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
प्रेम चंद कुमार, अनुदेशक, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, चारगांव, गोरखपुर ने प्रशिक्षण संबंधी जानकारी प्रदान की। खंड विकास अधिकारी, बांसगांव अनिरुद्ध सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि एमएसएमई कार्यालय विश्वकर्मा शिल्पकारों की हर समस्या के समाधान हेतु सदैव तत्पर है, चाहे वह ऋण से संबंधित हो या तकनीकी दक्षता से।
अंत में उद्यमी अमरेश कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं सभी विश्वकर्मा कारीगरों/शिल्पकारों को धन्यवाद ज्ञापित किया।

No comments:
Post a Comment