वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 14 फरवरी 2026 को जारी अधिसूचना संख्या 31/सीबीएसई/सीई/2-बोर्ड परीक्षा-10/2026 के माध्यम से कक्षा 10 में वर्ष 2026 से लागू होने वाली दो बोर्ड परीक्षा व्यवस्था के संबंध में महत्वपूर्ण स्पष्टीकरण दिया है।
बोर्ड द्वारा जारी सूचना के अनुसार सभी विद्यार्थियों के लिए पहली बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होना अनिवार्य होगा। यदि कोई छात्र किसी कारणवश पहली परीक्षा में तीन या उससे अधिक विषयों में अनुपस्थित रहता है तो उसे दूसरी बोर्ड परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे विद्यार्थियों को “आवश्यक पुनरावृत्ति” श्रेणी में रखा जाएगा तथा वे अगले वर्ष फरवरी में आयोजित मुख्य परीक्षा में ही सम्मिलित हो सकेंगे।
अधिसूचना में कहा गया है कि पहली परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थी विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान एवं भाषाओं में से अधिकतम तीन मुख्य विषयों में अंक सुधार हेतु दूसरी परीक्षा में सम्मिलित हो सकेंगे। जिन छात्रों का परिणाम कम्पार्टमेंट श्रेणी में आएगा, उन्हें दूसरी परीक्षा में उसी श्रेणी के अंतर्गत अवसर प्रदान किया जाएगा।
सीबीएसई ने यह भी स्पष्ट किया है कि कक्षा 10 उत्तीर्ण करने के बाद अतिरिक्त विषय लेने अथवा अलग से किसी एक विषय की परीक्षा देने की अनुमति नहीं होगी।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि मुख्य परीक्षा में तीन या अधिक विषयों में अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के संबंध में प्राप्त किसी भी अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा।

No comments:
Post a Comment