कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जनपद में रनियां थानाक्षेत्र के हाइवे पर शनिवार को एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चालक व क्लीनर बस में फंस गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को रिेस्क्यू कर बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया।
इस हादसे में गनीमत रही कि किसी भी कोई यात्री को नुकसान नहीं पहुंचा। क्षेत्राधिकारी अकबरपुर संजय कुमार सिंह ने बताया कि रनियां थानाक्षेत्र में दिल्ली से बनारस जा रही यात्रियों से भरी एक टूरिस्ट बस आज भोर पहर मैथा मोड़ हाइवे पर पीछे से ओवरटेक कर रहे अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
जिसमें बस चालक राजवीर पुत्र काली चरण निवासी ग्राम बागवाला जनपद एटा व क्लीनर कल्लू पुत्र जगदीश निवासी ग्राम बाजना थाना नौहझील जनपद मथुरा बस में फंस गये। इस सूचना पर तत्काल रानियां थाना पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस से घायल चालक एवं क्लीनर को सकुशल बाहर निकालकर उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल अकबरपुर पहुंचाया। सीओ ने बताया कि बस में सवार अन्य यात्रियों को कोई चोट नहीं आई है।
सुरक्षा एवं सुविधा को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था कर उन्हें उनके गंतव्य स्थानों के लिए सुरक्षित रवाना किया गया। वहीं हाइवे पर बस क्षतिग्रस्त होने के कारण यातायात बाधित हो रहा था जिसको क्रेन से हटवा दिया गया है।
No comments:
Post a Comment