<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Tuesday, January 6, 2026

प्रधानमंत्री मोदी के सुरक्षित सड़क–सुगम यात्रा विज़न को आगे बढ़ा रही योगी सरकार

सांसद रवि किशन के अनुरोध पर केंद्र की पहल, नितिन गडकरी का जताया आभार

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


गोरखपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुरक्षित सड़क, सुगम आवागमन और आधुनिक बुनियादी ढांचे के राष्ट्रीय विज़न को साकार करने की दिशा में केंद्र सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है। इसी क्रम में गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 27 गोरखपुर–लखनऊ मार्ग पर स्थित सहजनवा क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किए जाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है।

गोरखपुर के लोकप्रिय सांसद रवि किशन शुक्ल ने सहजनवा कस्बा एवं बाजार क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव और सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को देखते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर फ्लाईओवर निर्माण एवं अन्य सड़क सुरक्षा उपायों की आवश्यकता से अवगत कराया था। सांसद के अनुरोध पर मंत्रालय द्वारा मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्यवाही की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

केंद्र–राज्य समन्वय का सशक्त उदाहरण

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद रवि किशन शुक्ल को पत्र के माध्यम से जानकारी दी कि सहजनवा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 27 पर यातायात सुगमता, सड़क सुरक्षा और जाम की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर केंद्र सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सड़क उपयोगकर्ताओं की सुविधा और स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए फ्लाईओवर सहित आवश्यक बुनियादी ढांचा विकास के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। राज्य सरकार के सहयोग से शीघ्र प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है जिससे सहजनवा और आसपास के क्षेत्रों की जनता को यातायात में बड़ी राहत मिलेगी।

यह पहल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीरो टॉलरेंस ऑन एक्सीडेंट्स और बेहतर कनेक्टिविटी के संकल्प के अनुरूप मानी जा रही है। योगी सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में एक्सप्रेसवे, हाईवे और शहरी ग्रामीण सड़कों का व्यापक विस्तार हुआ है जिससे उत्तर प्रदेश बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल हुआ है।

जनता को मिलेगा सीधा लाभ

सहजनवा क्षेत्र में प्रस्तावित सड़क सुधार और फ्लाईओवर निर्माण से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और यात्रियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। यातायात व्यवस्था सुचारु होगी, दुर्घटनाओं की आशंका में कमी आएगी और क्षेत्र के आर्थिक व सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

नितिन गडकरी के प्रति जताया आभार

सांसद रवि किशन शुक्ल ने त्वरित और सकारात्मक पहल के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार में जनप्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना जाता है और जनहित से जुड़े मामलों में समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाता है।

विकास की राह पर आगे बढ़ता सहजनवा

प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री योगी के विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य के तहत सहजनवा सहित पूरे गोरखपुर क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं को निरंतर मजबूत किया जा रहा है। आने वाले समय में यह पहल सहजनवा की पहचान को और सशक्त बनाएगी और क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages