बस्ती। गोविन्दनगर (वाल्टरगंज) चीनी मिल को चालू कराने और कर्मचारियों के वर्षों से लंबित वेतन भुगतान को लेकर किसान कांग्रेस ने निर्णायक आंदोलन का ऐलान किया है। किसान कांग्रेस उ.प्र. पूर्वी जोन के अध्यक्ष रामभवन शुक्ल ने साफ शब्दों में कहा कि जब तक कर्मचारियों का एक-एक रुपया बकाया वेतन नहीं मिल जाता, तब तक न तो मिल को कटने दिया जाएगा और न ही यहां से कोई मशीन अथवा उपकरण बाहर जाने दिया जाएगा।
प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में रामभवन शुक्ल ने बताया कि वाल्टरगंज चीनी मिल के मुद्दे पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, सांसद तनुज पुनिया समेत पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से विस्तृत चर्चा हो चुकी है। पार्टी नेतृत्व ने इस जनहित के मुद्दे पर आर-पार की लड़ाई लड़ने का निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2004 में बजाज हिन्दुस्तान लिमिटेड ने यह मिल नारंग कंपनी से खरीदकर फेनिल ग्रुप को सौंप दी थी। वर्ष 2020-21 में मिल की मरम्मत कर ट्रायल भी किया गया, जिसमें मिल पूरी तरह चालू होने योग्य पाई गई थी। इसके बावजूद सैकड़ों कर्मचारियों और हजारों किसानों के हितों की अनदेखी कर मिल को बंद रखकर उसे कबाड़ में बेचने की साजिश रची जा रही है।
किसान नेता ने कहा कि इलाके के 75 किसानों ने नौकरी के भरोसे अपनी जमीनें दी थीं, लेकिन मिल बंद होते ही उनकी नौकरियां भी खत्म हो गईं। कई किसान पूरी तरह भूमिहीन हो चुके हैं और आजीविका का कोई अन्य साधन नहीं बचा है। वर्ष 2018 से मिल कर्मचारियों का करीब 10 करोड़ रुपये वेतन बकाया है, जिससे उनके परिवार भुखमरी, कर्ज और सामाजिक अपमान का दर्द झेल रहे हैं।
रामभवन शुक्ल ने कहा कि वाल्टरगंज चीनी मिल के बंद होने से करीब 45 हजार गन्ना किसान सीधे तौर पर प्रभावित हो रहे हैं। इससे न सिर्फ किसानों की आमदनी घटी है, बल्कि पूरे क्षेत्र की ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर गंभीर और विनाशकारी असर पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मिल प्रबंधन जानबूझकर किसानों और कर्मचारियों के साथ धोखाधड़ी कर रहा है।
उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों और श्रमिकों के हितों की रक्षा करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। बकाया वेतन का भुगतान न किया जाना श्रम कानूनों का खुला उल्लंघन है। किसान कांग्रेस नेता ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन और सरकार ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था कर मिल संचालन और कर्मचारियों के बकाया वेतन भुगतान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए, तो किसान कांग्रेस हजारों किसानों के साथ मिल का घेराव कर जोरदार धरना-प्रदर्शन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की होगी।
पत्रकार वार्ता में किसान कांग्रेस के बस्ती जिला प्रभारी अभय शुक्ला, जिलाध्यक्ष कुंवर जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित सिंह, गंगा प्रसाद मिश्रा, महेन्द्र यादव सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment