बस्ती। जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह के निर्देशन में राजकीय इंटर कॉलेज बस्ती के शिक्षकों एवं छात्रों ने सड़क सुरक्षा को लेकर शपथ ली तथा जागरूकता रैली निकालकर आमजन को सुरक्षित वाहन चलाने का संदेश दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. विजय प्रकाश वर्मा ने बताया कि “सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा” के मूल मंत्र के साथ इस अभियान का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। उन्होंने कहा कि चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट और दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए। साथ ही गति सीमा का पालन करते हुए सही दिशा में वाहन चलाना आवश्यक है।
डॉ. वर्मा ने यह भी कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग तथा नशीले पदार्थों से दूरी बनाए रखना चाहिए, क्योंकि ये दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनते हैं। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना हम सभी की जिम्मेदारी है और यह जीवन बचाने के समान है, क्योंकि जीवन अनमोल है।
इस अवसर पर विद्यालय के सड़क सुरक्षा नोडल शिक्षक अजय कुमार सहित अन्य शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment