बस्ती। गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2026 को जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाये जाने को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में तैयारी बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्सना ने की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दिये गये दिशा-निर्देशों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्य समारोह प्रातः 9:30 बजे पुलिस लाइन में आयोजित किया जायेगा। प्रातः 7 बजे स्टेडियम ग्राउण्ड में मध्य गति से दौड़, प्रातः 8 बजे विभिन्न विद्यालयों द्वारा प्रभात फेरी तथा प्रातः 8:30 बजे सभी सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान एवं संविधान में उल्लिखित संकल्प का आयोजन होगा। सभी तहसीलों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित किया जायेगा।
ग्राम पैड़ा स्थित शहीद स्मारक स्थल पर मेला एवं ध्वजारोहण, राजकीय सम्प्रेक्षण गृह में सांस्कृतिक कार्यक्रम व फल-मिष्ठान वितरण, जिला कारागार में विचार गोष्ठी, नगर बाजार खास स्थित स्मारक स्थल पर मेला, ध्वजारोहण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
26 जनवरी को सभी शैक्षिक संस्थाओं में प्रातः 10 बजे ध्वजारोहण किया जायेगा। अपरान्ह 2 बजे किसान डिग्री कॉलेज से मार्चपास्ट के साथ सचल वाहनों पर झांकियां निकाली जायेंगी, जो जीआईसी ग्राउण्ड में समाप्त होंगी। अपरान्ह 2:30 बजे से राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में लोकनृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। नगर के सभी महापुरुषों की मूर्तियों की साफ-सफाई व माल्यार्पण प्रातः 9 बजे से किया जायेगा।
बैठक के उपरान्त जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बाल विवाह के विरुद्ध शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि बाल विवाह सामाजिक बुराई होने के साथ-साथ कानून का उल्लंघन है, जिससे बालिकाओं का भविष्य प्रभावित होता है।
बैठक में एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, विधायक प्रतिनिधि गुलाब चन्द्र सोनकर सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment