वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। सामाजिक संस्था बस्ती विकास समिति द्वारा आज राष्ट्रीय युवा दिवस की पूर्व संध्या पर समिति के नगर कार्यालय में युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद जी की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के संस्थापक राहुल श्रीवास्तव ने स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण कर की। इस अवसर पर उपस्थित युवाओं एवं पदाधिकारियों ने उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थापक राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्र सेवा का मार्ग दिखाया। आज के युवाओं को उनके विचारों को अपनाकर समाज और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
नगर अध्यक्ष पवन वर्मा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने भारतीय संस्कृति और अध्यात्म को विश्व पटल पर स्थापित किया। उनका संदेश आज भी युवाओं को सकारात्मक सोच और कर्मशील बनने की प्रेरणा देता है।
संगठन मंत्री प्रिंस श्रीवास्तव ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी का स्पष्ट संदेश था—“उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत।” उनके विचार युवाओं को जीवन में आगे बढ़ने की दिशा देते हैं।
नगर संयोजक अखिलेश त्रिपाठी ने कहा कि वर्तमान समय में स्वामी विवेकानंद जी के विचारों की प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है। युवाओं को नशा, निराशा और भटकाव से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों पर चलने और समाज सेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर रोहन श्रीवास्तव, दीपक कुमार गौड़, नरेन्द्र प्रताप सिंह, राजन निषाद, विनय राजपूत, आनंद वर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment