वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने प्राथमिक विद्यालय भुअर निरंजनपुर तथा कंपोजिट विद्यालय तकिया डारीडीहा स्थित मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा अपने-अपने बूथों से संबंधित आलेख्य मतदाता सूची के पाठन कार्य की जानकारी ली।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रह जाए। उन्होंने जनपद के समस्त मतदाताओं से अपील की कि वे अपने नाम की जांच आलेख्य मतदाता सूची में अवश्य करें।
उन्होंने कहा कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं है अथवा नाम, पता, आयु आदि में कोई त्रुटि पाई जाती है, तो उसका समय रहते सुधार कराया जा सकता है। पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 संबंधित बूथ लेवल अधिकारी के पास ऑफलाइन या ऑनलाइन माध्यम से भरकर जमा कर सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि मतदाता सूची में दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 06 फरवरी, 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर मतदाता सूची में अपने नाम की जांच एवं आवश्यक सुधार अवश्य कराएं।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment