वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के अंतर्गत विशेष अभियान की तिथियां निर्धारित की गई हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा राज्य स्तर पर विशेष अभियान की तिथियां 31 जनवरी 2026 (शनिवार) एवं 01 फरवरी 2026 (रविवार) निर्धारित की गई हैं। इसके अतिरिक्त जनपद स्तर पर मतदाता जागरूकता एवं नामावली संशोधन हेतु चौपाल कार्यक्रम 27 जनवरी 2026 (मंगलवार) तथा 05 फरवरी 2026 (बृहस्पतिवार) को प्रातः 10:30 बजे से सायं 4:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि निर्धारित तिथियों में जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर चौपाल का आयोजन किया जाएगा, जहां बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदाता सूची के साथ समय से उपस्थित रहेंगे। इस दौरान पात्र नागरिक नामांकन, संशोधन, विलोपन एवं अन्य आवश्यक कार्य कर सकेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि नियत तिथि से दो दिन पूर्व बीएलओ, सुपरवाइजर, कोटेदार, पंचायत सहायक के माध्यम से डुग्गी मुनादी एवं व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराया जाए, जिससे अधिक से अधिक अर्ह मतदाताओं को जानकारी प्राप्त हो सके।
चौपाल के दौरान प्रत्येक मतदेय स्थल पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री, आशा, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, ग्राम पंचायत अधिकारी, अध्यापक, शिक्षा मित्र एवं अनुदेशक की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।

No comments:
Post a Comment