बस्ती। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अजय कुमार आर्य और जिला मंत्री मनसाराम चौधरी ने रविवार को प्रेस को जारी संयुक्त विज्ञप्ति में कहा कि संघ की चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, नियमानुसार और प्रदेश नेतृत्व के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सम्पन्न कराई गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ संघ व सफाईकर्मी विरोधी ताकतें पूर्व मंत्री को भ्रम में रखकर कथित रूप से चुनाव कराने का षड्यंत्र रच रही हैं, जो पूरी तरह अवैध और संघ विरोधी कृत्य है।
जिलाध्यक्ष अजय कुमार आर्य ने बताया कि उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री रामेन्द्र कुमार द्वारा जिला पंचायत राज अधिकारी बस्ती को भेजे गए पत्र में स्पष्ट किया गया है कि संघ संविधान के अनुसार अजय कुमार आर्य जिलाध्यक्ष, मनसाराम चौधरी जिला मंत्री, अशोक कुमार चौहान जिला कोषाध्यक्ष, अमित कुमार चक्रवर्ती जिला संगठन मंत्री तथा भरत कुमार यादव जिला लेखा सम्प्रेक्षक निर्वाचित घोषित किए गए हैं। यही पदाधिकारी कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान हेतु द्विपक्षीय वार्ता के लिए अधिकृत हैं।
जिला मंत्री मनसाराम चौधरी ने बताया कि प्रदेश महामंत्री रामेन्द्र कुमार ने उक्त पत्र की प्रतिलिपि उप निदेशक पंचायत बस्ती मंडल, मुख्य विकास अधिकारी, पुलिस अधीक्षक, समस्त खंड विकास अधिकारी एवं ब्लॉक पदाधिकारियों को भी भेजी है। पत्र में यह भी उल्लेख है कि 25 दिसंबर 2025 को चुनाव अधिकारी रणजीत कुमार की देखरेख में संघ के नियमानुसार चुनाव सम्पन्न कराया गया था। उन्होंने कहा कि नियम-कानून से ऊपर उठकर चुनाव कराने का दावा करना पूरी तरह अवैध है।

No comments:
Post a Comment