बस्ती। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अजय कुमार आर्य के नेतृत्व में शुक्रवार को संघ पदाधिकारियों के एक प्रतिनिधि मंडल ने जिला पंचायत राज अधिकारी घनश्याम सागर को चार सूत्रीय मांग पत्र सौंपकर समस्याओं के निस्तारण की मांग की।
मांग पत्र में सफाई कर्मचारियों की एसीपी का एरियर एवं महंगाई भत्ता (डीए) का बकाया एरियर भुगतान कराए जाने की मांग की गई है। इसके साथ ही जिन सफाई कर्मचारियों का एसीपी किसी कारणवश नहीं लग पाया है, उनका एसीपी लगाए जाने की मांग की गई। संघ ने नगरीय क्षेत्र में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को एचआरए भत्ता देने तथा दिव्यांग सफाई कर्मचारियों को दिव्यांग भत्ता दिए जाने की भी मांग उठाई।
इस संबंध में संघ के जिलाध्यक्ष अजय कुमार आर्य ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में बताया कि जिला पंचायत राज अधिकारी घनश्याम सागर ने सफाई कर्मियों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि सभी मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिनिधि मंडल में जिला मंत्री मनसाराम चौधरी, जिला कोषाध्यक्ष अशोक कुमार चौहान, जिला लेखा संप्रेक्षक भरत कुमार यादव सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

No comments:
Post a Comment