बस्ती। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की 101वीं जयंती के अवसर पर 24 जनवरी को जनपद में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ब्लॉक रोड स्थित संगठन कार्यालय पर यह जानकारी देते हुए मोर्चा के मंडल महासचिव एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी ठाकुर प्रेम नंदवंशी ने बताया कि जयंती के दिन दक्षिण दरवाजा से जिलाधिकारी कार्यालय तक पदयात्रा निकाली जाएगी तथा मांगों के समर्थन में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों से मोर्चा लगातार भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा एवं पार्क स्थापना की मांग कर रहा है। इस संबंध में नगर पालिका परिषद द्वारा प्रस्ताव भी पारित किया गया है, लेकिन अब तक जमीनी स्तर पर प्रतिमा और पार्क स्थापना का कार्य अधूरा है। इस मांग को लेकर आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक सफलता नहीं मिल जाती।
ठाकुर प्रेम नंदवंशी ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर ने बिहार के मुख्यमंत्री रहते हुए अनेक ऐतिहासिक कार्य किए। उन्होंने जीवन भर गरीबों और शोषित वर्गों के उत्थान के लिए कार्य किया और वे कभी विधानसभा चुनाव नहीं हारे। ऐसे महान व्यक्तित्व को जनपद में सम्मान मिलना चाहिए।
मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी राम सुमेर यादव ने कहा कि 24 जनवरी को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की सफलता के लिए तैयारियां जोरों पर हैं।

No comments:
Post a Comment