<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Thursday, January 15, 2026

गोरखपुर जं. रेलवे स्टेशन ने पूरे किए 141 वर्ष, स्थापना दिवस पर रेलकर्मियों ने काटा केक

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


गोरखपुर। गोरखपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन के 141 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 15 जनवरी, 2026 को स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर गोरखपुर स्टेशन के रेलकर्मियों ने केक काटकर स्थापना दिवस का उत्सव मनाया।

पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में शामिल गोरखपुर जं. रेलवे स्टेशन की स्थापना 15 जनवरी, 1885 को हुई थी। तब से लेकर आज तक यह स्टेशन निरंतर उच्च स्तरीय यात्रा सेवाएं प्रदान करते हुए क्षेत्र की रेल यातायात व्यवस्था की रीढ़ बना हुआ है।

वर्ष 1981 में छपरा से मल्हौर तक आमान परिवर्तन पूर्ण होने के बाद गोरखपुर जं. बड़ी लाइन के माध्यम से देश के प्रमुख महानगरों से जुड़ा। इसके बाद वर्ष 2004 में स्टेशन पर दोहरीकरण का कार्य सम्पन्न हुआ। 06 अक्टूबर, 2013 को गोरखपुर जं. रेलवे स्टेशन का यार्ड रिमॉडलिंग पूरा हुआ, जिसके साथ ही यहां का प्लेटफॉर्म विश्व का सबसे लंबा प्लेटफॉर्म बना था। वर्तमान में यह विश्व का दूसरा सबसे लंबा प्लेटफॉर्म है।

गोरखपुर जं. रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक और उन्नत सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह स्टेशन गोरखपुर सहित आसपास के जनपदों और पड़ोसी देश नेपाल के यात्रियों को भी सेवाएं प्रदान करता है। पूर्वोत्तर रेलवे के अनुसार यहां प्रतिदिन लगभग एक लाख यात्री आवागमन करते हैं, जिससे इसकी महत्ता और भी बढ़ जाती है।

स्टेशन का पुनर्विकास कार्य आगामी 50 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए 498.97 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। मल्टी लेवल कार पार्किंग और कमर्शियल ब्लॉक का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। मुख्य स्टेशन भवन का निर्माण तीन चरणों में किया जाना है, जिसमें पहले चरण का कार्य प्रगति पर है। दूसरे और तीसरे चरण के लिए यूटीएस काउंटरों को स्थानांतरित किया जाना है, जिसके लिए नया शेड बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।

नए फुट ओवर ब्रिज के निर्माण कार्य में भी तेजी लाई जा रही है, जिससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में अधिक सुविधा मिल सकेगी। द्वितीय प्रवेश द्वार पर स्टेशन भवन के निर्माण का कार्य प्रगति पर है, जो प्लेटफॉर्म संख्या-9 के निकट स्थित लॉन्ड्री के हटने के बाद और तेज होगा। लॉन्ड्री सुविधा को स्थानांतरित करने के लिए नए भवन का निर्माण पूरा कर लिया गया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पुनर्विकास कार्य पूरा होने के बाद गोरखपुर जं. रेलवे स्टेशन को एक भव्य और आधुनिक स्वरूप प्रदान किया जाएगा। यह स्टेशन न केवल आधुनिक यात्री सुविधाओं से युक्त होगा, बल्कि इसमें क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी। स्थापना दिवस के अवसर पर रेलकर्मियों ने स्टेशन की निरंतर प्रगति और यात्रियों को बेहतर सेवाएं देने के संकल्प को दोहराया।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages