वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। महाप्रबन्धक पूर्वोत्तर रेलवे उदय बोरवणकर ने 13 जनवरी, 2026 को महाप्रबन्धक सभाकक्ष में संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चार कर्मचारियों को ‘सेफ्टी स्टार ऑफ द मंथ’ घोषित करते हुए नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मानित कर्मचारियों में लखनऊ मंडल के लोको पायलट राघवेन्द्र सिंह एवं सहायक लोको पायलट विक्रम सिंह शामिल हैं। 20 अक्टूबर, 2025 को गाड़ी संख्या 12557 के संचालन के दौरान बुढ़वल–बिन्दौरा खण्ड में किमी संख्या 728/03-05 पर क्रॉसओवर के पास असामान्य झटका महसूस होने पर दोनों ने तत्परता दिखाते हुए स्टेशन मास्टर बिन्दौरा को सूचना दी। स्टेशन मास्टर द्वारा तत्काल इंजीनियरिंग विभाग को अवगत कराया गया, जिसके बाद जांच कर खण्ड में 50 किमी प्रति घंटा का सतर्कता आदेश लगाया गया। उनकी सूझबूझ से एक संभावित दुर्घटना टल गई।
वाराणसी मंडल के तरयासुजान स्टेशन पर कार्यरत ट्रैक मेंटेनर विपिन पाल ने 5 अक्टूबर, 2025 को पेट्रोलिंग के दौरान किमी संख्या 57/0 से 61/0 के बीच अत्यधिक वर्षा के कारण ट्रैक बैंक कटने की स्थिति देखी। उन्होंने तुरंत ट्रैक की सुरक्षा करते हुए ट्रेन को रोका, जूनियर इंजीनियर/इंचार्ज को सूचना दी तथा ट्रेन को सुरक्षित रूप से पास कराया। उनकी सतर्कता से भी एक बड़ी दुर्घटना टल सकी।
इज्जतनगर मंडल के बरेली सिटी स्टेशन पर गाड़ी प्रबंधक/माल के पद पर कार्यरत रामवीर ने 11 अक्टूबर, 2025 को मालगाड़ी पर ड्यूटी के दौरान बनियाना स्टेशन पर खड़ी अपनी गाड़ी से गाड़ी संख्या 15061 को ‘ऑल राइट’ सिग्नल दिखाते समय एसएलआर/गार्ड ब्रेकयान से तीसरी बोगी के पहिये से चिंगारी निकलते देखी। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना इज्जतनगर कंट्रोल को दी। गाड़ी को रामगंगा में रोककर जांच करने पर ब्रेक बीम टूटा हुआ पाया गया। मरम्मत के बाद गाड़ी को फिट घोषित कर आगे संचालन किया गया। उनकी सजगता से एक संभावित हादसा टल गया।
महाप्रबन्धक ने सभी कर्मचारियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता और जिम्मेदारी रेलवे संरक्षा को और मजबूत करती है तथा अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

No comments:
Post a Comment