वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। मगहर महोत्सव के सफल, सुव्यवस्थित एवं भव्य आयोजन को लेकर जिलाधिकारी संतकबीरनगर आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना द्वारा संयुक्त रूप से कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में महोत्सव से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
गोष्ठी के दौरान जिलाधिकारी ने महोत्सव के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, मंच निर्माण, पार्किंग एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि असामाजिक तत्वों द्वारा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की रोकथाम एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए महोत्सव स्थल पर वर्दी एवं सादे वस्त्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे, जिससे श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह, प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली खलीलाबाद पंकज कुमार पाण्डेय, यातायात प्रभारी परमहंस सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment