वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी के निर्देश पर कार्यों में घोर लापरवाही एवं अनियमितता पाए जाने के मामले में जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा एक सफाई कर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा विकासखंड सांथा के ग्राम पंचायत अठलोहिया का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्रामवासियों ने शिकायत की कि ग्राम पंचायत में तैनात सफाई कर्मी मंजेश्वर प्रसाद नियमित रूप से ड्यूटी पर नहीं आते हैं तथा प्रतिदिन गलियों और नालियों की सफाई नहीं की जाती। इसके चलते पूरे गांव में गंदगी का अंबार लगा हुआ था, नालियों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा था और शौचालय भी अत्यंत गंदे पाए गए।
निरीक्षण के दौरान सफाई कर्मी द्वारा अपने कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और जिला पंचायत राज अधिकारी को संबंधित सफाई कर्मी के निलंबन के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा सफाई कर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छता कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

No comments:
Post a Comment