वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। मण्डलायुक्त अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में कानून व्यवस्था, राजस्व वसूली एवं कर करेत्तर से संबंधित मासिक समीक्षा बैठक आयुक्त सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में मण्डलायुक्त ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व वसूली में तेजी लाई जाए।
उन्होंने प्रवर्तन से जुड़े अधिकारियों को डग्गामार वाहनों के विरुद्ध सघन अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा निजी वाहनों का व्यवसायिक उपयोग करने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मण्डलायुक्त ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों को नियमित रूप से सैम्पलिंग की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। न्यायालय से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने धारा 34, 67 एवं वरासत से जुड़े मामलों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने पर बल दिया। साथ ही राजस्व वसूली में अपेक्षित प्रगति न कर पाने वाले विभागों को कार्ययोजना बनाकर निरंतर अभियान चलाने के निर्देश दिए।
पुलिस उपमहानिरीक्षक संजीव त्यागी ने कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि न होने पाए तथा समय-समय पर अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक का संचालन अपर आयुक्त प्रशासन मनोज कुमार तिवारी ने किया। बैठक में जिलाधिकारी बस्ती श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना, जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर शिवशरणप्पा जी.एन., जिलाधिकारी संतकबीरनगर आलोक कुमार, तीनों जिलों के पुलिस अधीक्षक, एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, डिप्टी कमिश्नर वाणिज्य कर डॉ. सरोज, उपायुक्त आबकारी एस.के. पाण्डेय, उप निदेशक प्रशासन मण्डी परिषद ज्योति यादव, अधीक्षण अभियन्ता विद्युत खालिद सिद्दीकी, सहायक आयुक्त औषधि नरेश मोहन दीपक, खान अधिकारी प्रशान्त अधिकारी तथा प्रशासनिक अधिकारी संतोष कुमार पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment