लखनऊ। गोमतीनगर क्षेत्र में बुधवार को गोमती नदी से एक युवक और एक युवती के शव बरामद किए गए। दोनों शव एक घंटे के अंतराल में गोमती नगर रिवर फ्रंट और समता मूलक चौराहे के पास मिले। फिलहाल दोनों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार सुबह करीब 11 बजे एसीपी गोमतीनगर कार्यालय के पीछे गोमती रिवर फ्रंट के पास नदी में एक युवक का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। शव काफी हद तक सड़ चुका था। युवक के शरीर पर नीली पैंट, नीली टी-शर्ट और बेल्ट मिली है।
इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे समता मूलक चौराहे के पास पुल के नीचे नदी में एक युवती का शव मिलने की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। युवती ने काले रंग का टॉप, नीली जींस, गुलाबी जूते, सफेद मोजे पहन रखे थे और कानों में रंग-बिरंगी बालियां थीं।
No comments:
Post a Comment