लखनऊ। राजधानी के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से जेद्दा के लिए उड़ान भरने वाला सऊदी अरबिया एयरलाइंस का विमान (एसवी 891) शुक्रवार दोपहर अचानक रास्ते से वापस लौट आया और लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। इस घटना के कारण एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई और विमान में सवार यात्री भी डर और चिंता में थे।
जानकारी के अनुसार, विमान दोपहर 12:05 बजे लखनऊ से रवाना हुआ था। उड़ान भरने के कुछ समय बाद केबिन प्रेशर में समस्या उत्पन्न हो गई। विमान में केबिन प्रेशर आर्टिफिशियल रूप से बनाए रखा जाता है ताकि 30,000 से 40,000 फीट की ऊंचाई पर भी यात्रियों को सांस लेने में कोई दिक्कत न हो। लेकिन इस विमान में खराबी के कारण यात्रियों को सांस लेने में परेशानी होने लगी।
पायलट ने नजदीकी एयरपोर्ट मुंबई में इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगने की कोशिश की, लेकिन अनुमति न मिलने पर उन्होंने लखनऊ एयरपोर्ट से संपर्क कर वहां सुरक्षित लैंडिंग कराई। करीब 1:45 बजे विमान लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा।
विमान में क्रू मेंबर समेत 285 यात्री सवार थे। फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं और विमान में आई खराबी को ठीक करने के लिए तकनीकी टीम ने जांच शुरू कर दी है। एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि घटना के बावजूद यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि रही और इमरजेंसी प्रोटोकॉल का पालन किया गया।
No comments:
Post a Comment