बस्ती। बुधवार को बहादुरपुर विकास खण्ड क्षेत्र के कसैला निवासी पवन कुमार गुप्ता ने ग्राम पंचायत कन्हौली में कराए जा रहे विकास कार्यों में बड़े पैमाने पर मनमानी और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए मुख्य विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मांग की कि ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों की बिंदुवार जांच और भौतिक सत्यापन कराया जाए तथा सरकारी धन के दुरुपयोग में दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई करते हुए धन की रिकवरी की जाए।
मुख्य विकास अधिकारी को दिए गए पत्र में पवन कुमार गुप्ता ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत कन्हौली में कच्चे चकरोड पर भूमि सुधार कार्य के नाम पर मस्टर रोल जनरेट कर ग्राम रोजगार सेवक द्वारा श्रमिकों की फर्जी हाजिरी लगाई जा रही है। जबकि जिन चकरोडों पर मस्टर रोल दर्शाया गया है, उनके दोनों ओर गेहूं और सरसों की फसल लगी हुई है और कहीं से भी मिट्टी निकालने का कार्य नहीं हुआ है। इतना ही नहीं, संबंधित तीनों चकरोडों पर घास जमी हुई है, जिससे कार्य न होने की पुष्टि होती है।
उन्होंने बताया कि रामअधार के चक से बभनियाव सरहद तक तथा रियाज के चक से नियाज अहमद के चक तक चकरोड भूमि सुधार कार्य में भी अनियमितता बरती गई है। मस्टर रोल संख्या 5072 में जहां 6 महिला और 4 पुरुष श्रमिक दर्शाए गए हैं, वहीं एनएमएमएस पर 27 महिला और 3 पुरुषों की फोटो अपलोड की गई है। इसी प्रकार मस्टर रोल संख्या 6073 में 9 महिला और 1 पुरुष दर्ज है, लेकिन एसएसएमएस पर 10 महिलाओं की फोटो अपलोड की गई है।
पवन कुमार गुप्ता का आरोप है कि अलग-अलग मस्टर रोल पर श्रमिकों की संख्या और फोटो में भारी अंतर है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि एक ही फोटो को बार-बार एनएमएमएस पर अपलोड कर ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान, ग्राम रोजगार सेवक और तकनीकी सहायक द्वारा सरकारी धन का बंदरबांट किया जा रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि ग्राम पंचायत कन्हौली में पिछले चार वर्षों में जिन कार्यों पर भुगतान किया गया है, वे धरातल पर कहीं दिखाई नहीं देते।
पवन कुमार गुप्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

No comments:
Post a Comment