वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। जनपद संतकबीरनगर में महान सूफी संत, कवि एवं समाज सुधारक संत कबीर दास जी की परिनिर्वाण स्थली कबीर चौरा मगहर में 28 जनवरी 2026 से 02 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाले छह दिवसीय कबीर मगहर महोत्सव का भव्य शुभारम्भ जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ सद्गुरु कबीर साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर, उनकी समाधि एवं मजार पर विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कबीर मगहर महोत्सव के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आकर्षक प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए गए। इनमें स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण सहित अनेक विभागों की योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी स्टॉलों का क्रमवार अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की तथा पात्र लाभार्थियों को अधिक से अधिक लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि कबीर मगहर महोत्सव जनपद की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
वहीं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने महोत्सव स्थल की सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को सतर्क रहकर शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर कबीर चौरा के महन्त विचार दास जी, अपर जिलाधिकारी जय प्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कन्नौजिया, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सूचना अधिकारी सहित नगर पालिका/नगर पंचायत मगहर के सभासदगण, संबंधित अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, कलाकार एवं बड़ी संख्या में सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment