मिनी मैराथन के जरिए युवाओं ने दिया स्वामी विवेकानंद के आदर्शों का संदेश
वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा राष्ट्रीय युवा सप्ताह के अंतर्गत गुरुवार को जनपद में मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। जनपद न्यायाधीश मोहन लाल विश्वकर्मा के निर्देशन में स्टेडियम गेट से सेंट थॉमस स्कूल, नेदुला चौराहे तक युवाओं ने दौड़ लगाकर स्वामी विवेकानंद के आदर्शों और संदेशों को जन-जन तक पहुंचाया।
मिनी मैराथन का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला जज देवेंद्र नाथ गोस्वामी ने हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने स्वयं भी युवाओं के साथ दौड़ लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया। सुबह 7:30 बजे प्रारंभ हुई इस दौड़ में बालक एवं बालिका वर्ग के कुल 30 युवाओं ने प्रतिभाग किया।
दौड़ के दौरान प्रतिभागियों को “जीवन को हां, नशे को ना” की शपथ दिलाई गई, जिससे युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली एवं नशामुक्त समाज का संदेश दिया जा सके। प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
बालक वर्ग में विकास ने प्रथम, मनमोहन ने द्वितीय तथा अनिल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में रोशनी प्रथम, प्रीति द्वितीय और सृष्टि तृतीय स्थान पर रहीं।
इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी अभिज्ञान मालवीय, चीफ डिफेंस काउंसिल अंजय कुमार श्रीवास्तव, एथलेटिक कोच मनोज यादव, रेसलिंग कोच यादुवेंद्र, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दिनेश, राम भवन चौधरी सहित कई गणमान्य लोग एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों पर चलने और समाज के लिए सकारात्मक योगदान देने का प्रेरक संदेश दिया गया।

No comments:
Post a Comment