वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। थाना कप्तानगंज पुलिस टीम की तत्परता और ईमानदार कार्यप्रणाली से यात्रा के दौरान बस से गुम हुआ एक महत्वपूर्ण बैग सकुशल बरामद कर उसके स्वामी को सौंप दिया गया। इस सराहनीय कार्य की ग्रामवासियों व जनमानस द्वारा प्रशंसा की जा रही है।
जानकारी के अनुसार चंद्रशेखर गुप्ता पुत्र गुलाब प्रसाद गुप्ता, निवासी ग्राम सोफरा थाना कोठीभार जनपद महाराजगंज, सऊदी अरब से वापस अपने घर लौट रहे थे। वे रोडवेज बस से लखनऊ से गोरखपुर की यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान बस में सवार किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा गलती से उनका बैग उठा लिया गया और कस्बा महाराजगंज में उतर गया। उक्त बैग में पासपोर्ट, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण कागजात मौजूद थे।
बैग गुम होने की जानकारी होते ही चंद्रशेखर गुप्ता द्वारा चौकी महाराजगंज, थाना कप्तानगंज, जनपद बस्ती में सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कप्तानगंज आलोक श्रीवास्तव के निर्देशन में चौकी इंचार्ज महाराजगंज उपनिरीक्षक अनिल कुमार त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ सक्रिय हुए और थाना क्षेत्र व कस्बा महाराजगंज में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान पता चला कि बैग प्रिंस पुत्र राजेंद्र प्रसाद उपाध्याय निवासी ग्राम सिकरी कोदई थाना हरैया द्वारा गलती से उठा लिया गया था, क्योंकि उनके पास भी उसी प्रकार का बैग था। संबंधित व्यक्ति ने बताया कि उन्होंने बैग को अभी तक खोला भी नहीं था।
पुलिस द्वारा बैग को सुरक्षित वापस लेकर उसके वास्तविक स्वामी चंद्रशेखर गुप्ता को सुपुर्द किया गया। बैग में रखे सभी आवश्यक कागजात सुरक्षित पाए गए। इस मानवीय व त्वरित कार्यवाही से क्षेत्र में पुलिस की छवि और अधिक सुदृढ़ हुई है।

No comments:
Post a Comment