वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सोमवार को तहसील हर्रैया सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्सना की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी-अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 59 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के संबंध में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि संबंधित अधिकारी समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि शिकायतकर्ताओं को वास्तविक राहत मिल सके।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि विवाद एवं नामांतरण से संबंधित मामलों में अनावश्यक विलंब न किया जाए तथा न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने भी शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं से सरल एवं व्यवहारपूर्ण तरीके से संवाद स्थापित किया जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी सत्येन्द्र सिंह, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार गौतम, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरुण गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, क्षेत्राधिकारी पुलिस स्वर्णिमा सिंह, जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेन्द्र प्रताप वर्मा, डीएचओ अरुण त्रिपाठी, एआर कोऑपरेटिव आशीष श्रीवास्तव, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, डीपीआरओ धनश्याम सागर सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
.jpeg)
No comments:
Post a Comment