बस्ती। दिव्य योग मंदिर ट्रस्ट के 32वें और भारत स्वाभिमान न्यास के 18वें स्थापना दिवस के अवसर पर स्वामी दयानंद पूर्व माध्यमिक विद्यालय, सुर्तीहट्टा पुरानी बस्ती में भव्य यज्ञ और सहभोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम से पूर्व योग शिक्षक जवाहर यादव ने साधकों को प्रातःकालीन योगाभ्यास कराते हुए उनके अनुभव साझा किए।
योगाचार्य गरुण ध्वज पांडेय के ब्रह्मत्व में, सुभाष चन्द्र आर्य, जिला प्रभारी पतंजलि योग समिति, ने यजमान के रूप में यज्ञ सम्पन्न कराया। इस अवसर पर भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने न्यास की स्थापना, किए गए कार्यों और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला।
भारत स्वाभिमान के जिला प्रभारी ओम प्रकाश आर्य ने बताया कि न्यास 5 जनवरी 2009 को दिल्ली में पंजीकृत हुआ और इसका उद्देश्य गरीबी, भूख, अपराध व शोषण मुक्त समाज एवं स्वच्छ भारत का निर्माण करना है। उन्होंने यह भी बताया कि पतंजलि योगपीठ ने टेलीमेडिसिन प्रकल्प के तहत सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक निःशुल्क रोग परामर्श की सुविधा और विश्वस्तरीय आकस्मिक चिकित्सा विभाग की स्थापना की है।
कोषाध्यक्ष नवल किशोर चौधरी ने कहा कि न्यास योग, आयुर्वेद, स्वदेशी एवं वैदिक संस्कृत के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। आजीवन सदस्य राजेश श्रीवास्तव कैलाशी ने बताया कि योग के माध्यम से लोगों को स्वस्थ रखने की परिकल्पना अब फलीभूत हो रही है।
कार्यक्रम के समापन पर सुभाष चन्द्र आर्य ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योगगुरु स्वामी रामदेव जी निस्वार्थ भाव से देश की सेवा में लगे हैं और भारतीय शिक्षा बोर्ड की स्थापना के पीछे यही उद्देश्य है।
कार्यक्रम में गणेश कुमार, अनुप त्रिपाठी, शिव श्याम, उपेन्द्र आर्य, नितेश कुमार, राजेन्द्र जायसवाल, राजेन्द्र राय, प्रमोद गुप्ता, प्रवीण त्रिपाठी, आदित्य नारायण गिरि, अपूर्वा चतुर्वेदी, डॉ प्रवेश कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment