वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना द्वारा थाना मेंहदावल क्षेत्रान्तर्गत मेंहदावल बस स्टैण्ड पर शीतकाल को दृष्टिगत रखते हुए अलाव पर चर्चा के साथ कस्बा एवं ग्राम सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्य, सभ्रान्त नागरिक एवं ग्राम प्रहरी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान चोरी की घटनाओं की रोकथाम को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने अपील की कि यदि किसी गांव या मोहल्ले में रात्रि के समय कोई अपरिचित व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। साथ ही दिन के समय फेरी लगाने वाले या किसी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी भी पुलिस को देने का अनुरोध किया गया।
साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया। बताया गया कि डिजिटल युग में साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी, सोशल मीडिया हैकिंग एवं फर्जी लिंक के माध्यम से अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। सभी से आग्रह किया गया कि वे अपना ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक विवरण या कोई भी व्यक्तिगत जानकारी किसी अज्ञात व्यक्ति से साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक पर बिना जांच-पड़ताल के विश्वास न करें।
ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत सीसीटीवी लगाने की अपील
ऑपरेशन त्रिनेत्र अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ने ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों से अपने घरों, कालोनियों एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कम से कम एक कैमरा सड़क की ओर भी अवश्य लगाया जाए, जिससे अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखी जा सके। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि सभी सीसीटीवी कैमरे निरंतर क्रियाशील रहें।
बैठक में क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह, थानाध्यक्ष मेंहदावल सुरेन्द्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक हरिनारायण दीक्षित, पीआरओ पुलिस अधीक्षक दुर्गेश पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

No comments:
Post a Comment