वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रवीण कुमार मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि उपजिलाधिकारी खलीलाबाद, संत कबीर नगर द्वारा मदरसा कुल्लियातुल बनातिर रजविया (निस्वा), रजा नगर गोश्त मंडी रोड, खलीलाबाद को 03 नवम्बर 2025 को सील कर दिया गया था। इसके साथ ही रजिस्ट्रार, उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद द्वारा उक्त मदरसे की मान्यता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि मदरसे में पंजीकृत 336 छात्राओं के पठन-पाठन एवं उनके शैक्षणिक हितों को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी महोदय द्वारा 09 जनवरी 2026 को दिए गए आदेश के अनुपालन में आवश्यक कार्रवाई की गई है। इस क्रम में जनपद के 06 मान्यता प्राप्त मदरसों/मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्थाओं में छात्राओं के स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी की गई।
मोबाइल के माध्यम से छात्राओं एवं उनके अभिभावकों द्वारा दी गई सहमति के आधार पर जनपद के 02 मान्यता प्राप्त/राज्यानुदानित मदरसों—मदरसा जामिया अरबिया अहले सुन्नत मिस्बाहुल उलूम बिधियानी, संत कबीर नगर तथा मदरसा अरबिया अहले सुन्नत बहरुल उलूम अंसार टोला, खलीलाबाद, संत कबीर नगर—में छात्राओं का पंजीकरण/नामांकन करा दिया गया है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि नामांकित छात्राओं की सूची मदरसे के भवन पर चस्पा कर दी गई है। उन्होंने छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से अनुरोध किया है कि शैक्षणिक सत्र के सुचारु संचालन के लिए छात्राओं को उक्त मदरसों में पठन-पाठन हेतु तत्काल भेजने का कष्ट करें।
No comments:
Post a Comment