बस्ती। जनपद के 1644 परिषदीय विद्यालयों में आगामी 27 जनवरी से निपुण एसेसमेंट कराया जाएगा। इसे लेकर शनिवार को सदर ब्लॉक स्थित बीआरसी सभागार में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनपद के सभी विद्यालयों को निपुण बनाने को लेकर चर्चा की गई।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक के निर्देश पर डायट प्राचार्य संजय कुमार शुक्ल द्वारा एसेसमेंट का शेड्यूल पहले ही जारी किया जा चुका है। इसके अनुसार निपुण एसेसमेंट 27 जनवरी से 17 फरवरी तक चलेगा।
आकलन का कार्य डायट के डीएलएड प्रशिक्षुओं द्वारा किया जाएगा, जिसके लिए कुल 51 टीमें गठित की गई हैं। इस दौरान प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की पढ़ने, समझने, लिखने और गणितीय गणनाओं से जुड़ी क्षमताओं की जांच की जाएगी। बच्चों से प्रश्न पूछकर तथा विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से उनकी शैक्षिक समझ को परखा जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए निपुण भारत मिशन के प्रभारी डायट प्रवक्ता अलीउद्दीन खान ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य बच्चों की बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक दक्षता का मूल्यांकन करना है, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि बच्चे अपनी कक्षा के अनुरूप अपेक्षित शैक्षिक स्तर प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एसेसमेंट के दौरान डीएलएड प्रशिक्षुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी एआरपी सहयोग करेंगे।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि 27 जनवरी से पूर्व विद्यालयों में कार्यदिवसों के दौरान बच्चों का ऐप के माध्यम से बार-बार आकलन कराया जाए, ताकि मुख्य एसेसमेंट में बेहतर परिणाम प्राप्त हो सकें।
बैठक में डायट प्रवक्ता कल्याण पाण्डेय, कुलदीप चौधरी, एसआरजी आशीष श्रीवास्तव सहित जनपद के सभी एआरपी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment