वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन रेल यात्रियों को सुविधाजनक एवं आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान माह अप्रैल से दिसंबर 2025 तक बिना टिकट, अनियमित यात्रा एवं बिना बुक सामान के कुल 12.34 लाख मामलों का पता लगाया गया, जिससे रेलवे को 91.01 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
पूर्वोत्तर रेलवे के विभिन्न खंडों पर गहन मॉनिटरिंग के साथ विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान अनधिकृत यात्रियों, बिना टिकट यात्रियों तथा पैंट्रीकार की भी सघन जांच की गई। अभियान के परिणामस्वरूप बिना टिकट, अनियमित यात्रा एवं बिना बुक सामान से संबंधित मामलों में वसूली कर पूरी धनराशि रेल खाते में जमा कराई गई।
यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने और रेल राजस्व की क्षति को रोकने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे के प्रत्येक मंडल में दो-दो इंटेंसिव चेक पोस्ट गठित किए गए हैं। इसके साथ ही प्रत्येक माह स्पॉट चेक, एम्बुश चेक एवं किलाबंदी चेक जैसे विशेष अभियान आयोजित किए जा रहे हैं।
रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगे भी बिना टिकट यात्रा, बिना बुक किए गए सामान एवं अनियमित यात्रा के विरुद्ध विशेष टिकट जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। रेल राजस्व की सुरक्षा न केवल रेलवे के हित में है, बल्कि देश की समग्र प्रगति और यात्रियों की बेहतर सुविधाओं के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।
पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे उचित टिकट लेकर ही यात्रा प्रारंभ करें और रेलवे नियमों का पालन कर सहयोग प्रदान करें।
No comments:
Post a Comment