सिद्धार्थनगर । महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और जागरूकता को मजबूत करने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी ने थाना शोहरतगढ़ मिशन शक्ति टीम के साथ सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज शोहरतगढ़ में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, हेल्पलाइन नंबरों, कानूनी अधिकारों तथा आत्म-सुरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारियाँ दी गईं। विद्यालय परिसर में मिशन शक्ति 5.0 के स्टिकर भी चस्पा किए गए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश एवं अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान टीम ने छात्रों को दहेज उत्पीड़न, पॉक्सो एक्ट, महिला संबंधित अपराधों से बचाव और पीड़ितों की काउंसलिंग प्रक्रिया के बारे में विस्तार से अवगत कराया। साथ ही मिशन शक्ति केंद्र की भूमिका बताते हुए कहा गया कि महिलाएँ थानों पर पहुंचकर अपनी समस्याएँ बिना किसी भय के दर्ज करा सकती हैं।
कार्यक्रम में टीम द्वारा 1090 वुमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 108 एम्बुलेंस, 101 फायर सर्विस, 14567 एल्डर हेल्पलाइन तथा 1930 साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी देते हुए छात्रों को ट्रैफिक नियमों और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में मिशन शक्ति साइबर टीम के सदस्य उ.नि. संतोष कुमार यादव, उ.नि. रामबदन यादव, उ.नि. सुनील कुमार त्रिपाठी, मु.आ. सतीश सिंह, शिवाकांत यादव, का. पवन कुमार मौर्या, म.आ. मंजू सरोज और कामिनी तिवारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment