सिद्धार्थनगर। मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला थाना मिशन शक्ति टीम द्वारा थाना जोगिया उदयपुर क्षेत्र के ग्राम हरैया में बहू–बेटी सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और बालिकाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान महिला थाना टीम ने प्रतिभागियों को नए कानूनी प्रावधानों, साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी से बचाव तथा महिला सुरक्षा के महत्त्वपूर्ण पहलुओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। महिलाओं को वीडियो और फिल्म के माध्यम से जागरूक किया गया तथा मिशन शक्ति 5.0 के स्टिकर भी लगाए गए।
यह सम्मेलन पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद एवं क्षेत्राधिकारी सदर विश्जीत सौरयान के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक महिला थाना भाग्यवती पाण्डेय के नेतृत्व में संपन्न हुआ। टीम के अनुसार कई महिलाएं विभिन्न कारणों से थाने तक नहीं पहुंच पातीं, इसलिए महिलाओं तक सीधे गांव में ही सुरक्षा और कानून संबंधी जानकारी पहुंचाने के लिए ऐसे बहू–बेटी सम्मेलनों का आयोजन लगातार किया जा रहा है।
सम्मेलन में महिलाओं को अपराध से स्वयं की सुरक्षा, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया एवं सरकारी हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया।

No comments:
Post a Comment