बस्ती। जनपद बस्ती के थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित ग्राम जगदीशपुर में 14 दिसंबर को पुलिस प्रशासन द्वारा आयोजित बहू-बेटी सम्मेलन एवं महिला चौपाल महिलाओं के लिए सशक्तिकरण और जागरूकता का सशक्त मंच साबित हुआ। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक महोदय के कुशल निर्देशन में महिला थाना द्वारा किया गया।
प्रभारी निरीक्षक महिला थाना के नेतृत्व में महिला पुलिस टीम महिला कांस्टेबल प्रियंका वर्मा, श्यामा पाठक एवं सुमन यादव ने सम्मेलन में उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को कानून, सुरक्षा और अधिकारों की जानकारी देकर आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया। कार्यक्रम में लगभग 70 महिलाओं एवं बालिकाओं ने सक्रिय भागीदारी की।
महिलाओं को मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया गया। साथ ही 1090 वूमेन पावर लाइन, 112 पुलिस सेवा, 108 एंबुलेंस, 1098 चाइल्ड लाइन, 102 स्वास्थ्य सेवा, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं 1930 साइबर हेल्पलाइन जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
सम्मेलन के दौरान देश में लागू तीन नए आपराधिक कानूनों—भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 पर सरल भाषा में चर्चा की गई। इसके साथ ही साइबर जागरूकता अभियान के तहत ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, यूपीआई फ्रॉड, ओटीपी चोरी, सोशल मीडिया अपराध एवं साइबर बुलिंग से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए गए।
महिला चौपाल में शामिल महिलाओं ने खुलकर अपने अनुभव साझा किए और पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। महिलाओं ने कहा कि ऐसे आयोजनों से उनमें सुरक्षा की भावना, आत्मविश्वास और जागरूकता का संचार हुआ है।
कार्यक्रम का समापन महिलाओं द्वारा पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए हुआ, वहीं आयोजन ने समाज में महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक संदेश दिया।

No comments:
Post a Comment