बस्ती। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग ओबीसी मोर्चा के मण्डल अध्यक्ष एवं जिला प्रभारी राम सुमेर यादव ने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ डीएम और एसपी को दो सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में छावनी थाना क्षेत्र की एक दलित महिला के साथ कथित दुराचार के मामले में दोषी पर मुकदमा दर्ज कर न्याय दिलाने की मांग की गई।
राम सुमेर यादव ने बताया कि छावनी थाना क्षेत्र की दलित महिला ने आरोप लगाया है कि रामगढ़ खास तिवारी का पुरवा निवासी अभिषेक पांडेय ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि गर्भवती होने पर महिला को दवा देकर गर्भपात कराया गया तथा बाद में जातिसूचक गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता द्वारा छावनी थाने में तहरीर देने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया जा रहा, जिस पर संगठन ने तीखी नाराजगी जताई।
भारत मुक्ति मोर्चा के जिलाध्यक्ष आर.के. आरतियन ने मांग की कि आरोपी को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और कलवारी थानाध्यक्ष को निलंबित कर स्थानांतरित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में हृदय गौतम, प्रेमनंद बंशी, चन्द्र प्रकाश गौतम सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

No comments:
Post a Comment