गोरखपुर। पादरी बाजार संगम चौराहा स्थित विमल इंटर कॉलेज, मानस विहार कॉलोनी में सोमवार को विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत 10 दिवसीय कौशल एवं उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
महापौर डॉ. श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि बीजेपी सरकार हुनरमंदों का सम्मान कर उन्हें रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने का काम कर रही है। योगी सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली समेत सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास कर रही है, जिसका लाभ आम जनता को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उद्योगपतियों का उत्तर प्रदेश में रुझान बढ़ा है, जिससे लाखों युवाओं को रोजगार मिल रहा है। गोरखपुर का गीडा अब नोएडा की तर्ज पर विकसित हो रहा है, जो पूर्वांचल के विकास में नई उड़ान देगा।
यह 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 9 दिसंबर से 18 दिसंबर 2025 तक चलेगा। इसमें कुल 1225 प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया जाएगा, जिनमें से 600 लोगों का प्रशिक्षण शुरू हो चुका है। इनमें 100 हलवाई, 250 दर्जी, 50 लोहार, 50 नाई, 50 बढ़ई, 50 कुम्हार, 25 टोकरी बुनकर और 25 धोबी शामिल हैं।
कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र गोरखपुर के सहायक उपायुक्त उद्योग रोशन अंबेडकर, प्रशिक्षक एवं कार्यक्रम संयोजक रोहन सिंह, मंडलीय ग्रामोद्योग प्रशिक्षण केंद्र (यूपी खादी ग्रामोद्योग बोर्ड) खजनी के प्रचार्य ध्यान चंद, शिवजी कुंवर, शिवेन्द्र सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं प्रशिक्षक मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment