संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने बघौली विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय उतरावल, उ0प्रा0वि0 उतरावल और प्राथमिक विद्यालय मरवटिया का स्थलीय निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और शिक्षकों की उपस्थिति की समीक्षा की।
कंपोजिट विद्यालय उतरावल में 91 बच्चों पर 8 शिक्षक तैनात होने के बावजूद शिक्षा की गुणवत्ता ठीक न मिलने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। कक्षा 4 के बच्चे अंग्रेजी नहीं पढ़ पाए, जिस पर संबंधित शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा गया। विद्यालय परिसर में गंदगी मिलने पर डीएम ने जिला पंचायत राज अधिकारी व खंड शिक्षा अधिकारी को तुरंत सुधार करने का निर्देश दिया।
उ0प्रा0वि0 उतरावल में सभी तीन शिक्षक उपस्थित मिले और पढ़ाई की स्थिति संतोषजनक पाई गई। डीएम ने बेहतर परिणाम के लिए और सुधार के निर्देश दिए।
प्राथमिक विद्यालय मरवटिया में पढ़ाई की स्थिति खराब मिलने और प्रधानाध्यापिका सुनीता के अनुपस्थित रहने पर डीएम ने उनका एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। विद्यालय की साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार लाने को भी कहा गया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने सभी विद्यालयों को मध्याह्न भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण उपलब्ध कराने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा पठन-पाठन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। अनुपस्थित शिक्षकों व लापरवाही को लेकर बीएसए से स्पष्टीकरण तथा खंड शिक्षा अधिकारी बघौली का वेतन बाधित करने के निर्देश भी जारी किए।

No comments:
Post a Comment