सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश एड्स नियंत्रण सोसाइटी के अधीन संचालित यूनिट सम्पूर्ण सुरक्षा केंद्र के माध्यम से कलेक्ट्रेट सभागार में एड्स नियंत्रण कार्यक्रम को लेकर उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का शुभारम्भ जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जीएन द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, कमांडेंट होमगार्ड, जिला आबकारी अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित जनपद एवं मण्डल स्तर के विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बस्ती मण्डल से अखिलेश सिंह, क्लस्टर प्रोग्राम मैनेजर (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) द्वारा राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी साझा की गई। साथ ही राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम से श्री पंकज त्रिपाठी (जिला कार्यक्रम समन्वयक), सतीश मिश्रा, उस्मान अली, एसएसके यूनिट, एआरटी यूनिट, एसटीआई यूनिट के अधिकारी, समस्त आईसीटीसी लैब टेक्नीशियन एवं परामर्शदाता उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम को सहयोग प्रदान करने वाली संस्थाओं टार्गेट इंटरवेंशन एवं लिंक वर्कर स्कीम के प्रबंधक भी कार्यशाला में सम्मिलित हुए।
कार्यशाला के दौरान अखिलेश सिंह द्वारा जनपद एवं मण्डल में एचआईवी की वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए संबंधित सूचनाओं एवं सूचकांकों का विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत किया गया।
जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जीएन ने निर्देश देते हुए कहा कि एड्स नियंत्रण कार्यक्रम से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करें, ताकि एचआईवी/एड्स को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों एवं सामाजिक कलंक को समाप्त किया जा सके तथा जनपद को इस बीमारी से सुरक्षित एवं मुक्त बनाया जा सके।

No comments:
Post a Comment