संतकबीरनगर। रिजर्व पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में वामा सारथी द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वाधान में पुलिस कर्मियों के लिए योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन में तथा वामा सारथी की अध्यक्षा एवं जनपद प्रभारी श्रीमती संजीवनी मीणा के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ।
सत्र में प्रशिक्षित योग गुरु सीताराम ने महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों को शारीरिक तथा मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के लिए विभिन्न योगासन कराए। योगाभ्यास की शुरुआत सूक्ष्म व्यायाम, अनुलोम-विलोम और कपालभाति से की गई। इसके बाद पद्मासन, वज्रासन, सिद्धासन, मत्स्यासन, वक्रासन, पवनमुक्तासन, नौकासन, शवासन, ताड़ासन, शीर्षासन और सूर्य नमस्कार सहित कई महत्वपूर्ण आसनों का अभ्यास कराया गया।
योग गुरु ने बताया कि योग न केवल बीमारियों के उपचार में सहायक है, बल्कि नियमित अभ्यास से शारीरिक व मानसिक कमियों को भी दूर किया जा सकता है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को दैनिक दिनचर्या में योग को शामिल करने के लिए प्रेरित किया तथा भविष्य में भी ऐसे कल्याणकारी कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित किए जाने की बात कही।

No comments:
Post a Comment