गोरखपुर। रेलवे सुरक्षा बल, पूर्वोत्तर रेलवे के तत्वावधान में सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम, गोरखपुर में 10 से 13 दिसम्बर, 2025 तक आयोजित 32वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल बास्केटबॉल प्रतियोगिता-2025 में बुधवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। तीसरे दिन के सायंकालीन सत्र में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में पूर्वोत्तर रेलवे ने दक्षिण रेलवे को कड़े संघर्ष में 75-64 अंकों से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। टीम के भीम सिंह, राम आसरे, सूर्यभान सिंह, दीपक, मनोज एवं अजय मल्ल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जीत सुनिश्चित की।
इससे पहले प्रातः सत्र में मेजबान पूर्वोत्तर रेलवे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पश्चिम रेलवे को 47-39 अंकों से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। अन्य प्रातः कालीन मैच में उत्तर रेलवे ने पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे को 41-29 अंकों से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद खेले गए सेमीफाइनल में उत्तर रेलवे ने पश्चिम रेलवे को 55-48 अंकों से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
प्रतियोगिता के मैचों को देखने के लिए रेलवे सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का फाइनल मैच 13 दिसम्बर, 2025 को महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे उदय बोरवणकर के मुख्य आतिथ्य में पूर्वोत्तर रेलवे और उत्तर रेलवे के बीच खेला जाएगा।

No comments:
Post a Comment