गोरखपुर। रेलवे सुरक्षा बल, पूर्वोत्तर रेलवे के तत्त्वावधान में सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम, गोरखपुर में 10 से 13 दिसम्बर 2025 तक आयोजित 32वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल बास्केटबॉल प्रतियोगिता-2025 का भव्य शुभारम्भ हुआ। मुख्य अतिथि अपर महाप्रबन्धक विनोद कुमार शुक्ल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
प्रतियोगिता में रेलवे सुरक्षा विशेष बल, पश्चिम रेलवे, मध्य रेलवे, दक्षिण रेलवे, उत्तर रेलवे, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे, दक्षिण मध्य रेलवे एवं मेजबान पूर्वोत्तर रेलवे सहित कुल 08 टीमें भाग ले रही हैं। उद्घाटन मैच में पूर्वोत्तर रेलवे ने मध्य रेलवे को 44-27 अंकों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। टीम की ओर से भीम सिंह, सुरजभान सिंह, विजय, रामाश्रय एवं अजय मल्ल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
आज खेले गए अन्य मैचों में दक्षिण रेलवे ने पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे को 40-16, पश्चिम रेलवे ने रेलवे सुरक्षा बल को 40-26 तथा उत्तर रेलवे ने दक्षिण मध्य रेलवे को 45-20 अंकों से पराजित किया।
मुख्य अतिथि विनोद कुमार शुक्ल ने अपने सम्बोधन में कहा कि यह प्रतियोगिता 1989 में चेन्नई से शुरू हुई थी। वर्ष 2024 में इसका आयोजन गोरखपुर में हुआ था, जिसमें पूर्वोत्तर रेलवे विजेता रहा। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के बाद चयनित टीम अखिल भारतीय पुलिस खेल बास्केटबॉल प्रतियोगिता में भाग लेगी।
प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त तारिक अहमद ने बताया कि टीमों को दो पूलों में बांटा गया है और लीग, सेमीफाइनल व फाइनल मिलाकर कुल 16 मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में पारदर्शिता बनाए रखने हेतु बास्केटबॉल संघ गोरखपुर तथा पूर्वोत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ के रेफरी एवं निर्णायक मंडल अहम भूमिका निभा रहे हैं।
कल 11 दिसम्बर को रेलवे सुरक्षा विशेष बल बनाम मध्य रेलवे तथा दक्षिण रेलवे बनाम दक्षिण मध्य रेलवे के बीच मुकाबले खेले जाएंगे।

No comments:
Post a Comment