बस्ती। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरा होने पर सोमवार को शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम राष्ट्रप्रेम से सराबोर रहा। जनपद के 36 विद्यालयों के लगभग 32 हजार छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन कर मां भारती को नमन किया। प्रातःकाल से ही शहर में लगे ध्वनि-विस्तारकों के माध्यम से वंदे मातरम् का स्वर गूंज उठा, जिससे वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया।
वंदे मातरम् सार्धशती उत्सव आयोजन समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और मां भारती के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। “वंदे मातरम् एवं राष्ट्रनिर्माण में युवाओं की भूमिका” विषय पर आयोजित परिचर्चा में वक्ताओं ने गीत के महत्व, संघर्षों और स्वतंत्रता संग्राम में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की भूमिका प्रस्तुत करते हुए कैलाश नाथ दूबे ने कहा कि वंदे मातरम् राष्ट्र की नवचेतना और समर्पण का महामंत्र है। पुलिस उपमहानिरीक्षक संजीव त्यागी ने युवाओं से राष्ट्रहित में अपनी भूमिका निभाने और स्वदेशी अपनाने की प्रेरणा दी। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक ने कहा कि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा 7 नवंबर 1875 को रचित यह गीत स्वतंत्रता आंदोलन की आत्मा बना और आज भी राष्ट्रभक्ति का संचार करता है।
मुख्य राजस्व अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह सहित अनेक अधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। जनपद के दर्जनों विद्यालयों ने प्रतिभाग कर इस भव्य आयोजन को ऐतिहासिक आयाम दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जगदीश मिश्र ने की। मंच पर अखिलेश दूबे, शुशील मिश्र, डॉ. रोहन दूबे, अतुल चित्रगुप्त सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment