बस्ती। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य को पूर्ण कराने के लिए समय-सीमा बढ़ाकर अब 11 दिसम्बर 2025 कर दी गई है। यह जानकारी आयुक्त (प्रशासन) मनोज कुमार तिवारी ने देते हुए बताया कि अवधि बढ़ने के साथ आयुक्त कार्यालय में स्थापित निर्वाचन नियंत्रण कक्ष का कार्य भी पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार 11 दिसम्बर तक जारी रहेगा।
आयुक्त ने बताया कि 07 दिसम्बर 2025 तक कनिष्ठ सहायक, कार्यालय उपनिदेशक दिव्यांग कल्याण रमेश कुमार, तथा 08 से 11 दिसम्बर तक कनिष्ठ सहायक, कार्यालय उपनिदेशक समाज कल्याण किरन गुप्ता को प्रातः 10 से सायं 05 बजे तक निर्वाचन नियंत्रण कक्ष में ड्यूटी सौंपी गई है।
उन्होंने कहा कि संबंधित कर्मचारी बस्ती, संत कबीर नगर एवं सिद्धार्थनगर के निर्वाचन कार्यालयों से सतत समन्वय बनाए रखेंगे तथा विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम से जुड़ी सभी सूचनाएं समय पर आयुक्त के कैंप कार्यालय एवं निर्वाचन सहायक अमित कुमार उपाध्याय को उपलब्ध कराएंगे।
साथ ही उन्हें यह निर्देश दिया गया है कि नियंत्रण कक्ष में मिलने वाली शिकायतों का संबंधित अधिकारियों के माध्यम से समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि तैनात कर्मियों को अवकाश लेना हो तो वे अपने प्रतिस्थानी को अनिवार्य रूप से अवगत कराएं। आकस्मिक अवकाश की स्थिति में वरिष्ठ सहायक, कार्यालय उपनिदेशक पंचायत महेन्द्र कुमार को प्रतिस्थानी के रूप में ड्यूटी सौंपी जाएगी।

No comments:
Post a Comment