संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) जयप्रकाश भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड खलीलाबाद स्थित मतदान केंद्र मौलाना आजाद इंटर कॉलेज पहुँचे, जहाँ उन्होंने बूथ संख्या 370 एवं 372 का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने एसआईआर से संबंधित फीडिंग कार्य सहित अन्य प्रक्रियाओं की प्रगति का अवलोकन किया। मौके पर बीएलओ एवं तैनात कर्मचारी उपस्थित मिले, जिन्हें कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी खलीलाबाद को निर्देशित किया कि सभी बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से फॉर्म भरवाकर निर्धारित समय में जमा कराएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि एसआईआर कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसे प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी खलीलाबाद अरुण कुमार एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका अवधेश भारती भी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment