बस्ती। वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति एवं कबीर साहित्य सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में महारानी लक्ष्मीबाई और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की जयंती पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर दोनों वीरांगनाओं के साहस और देशभक्ति को याद किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. वी के वर्मा ने कहा कि परिस्थितियाँ भले ही अलग थीं, लेकिन रानी लक्ष्मीबाई और इंदिरा गांधी का उद्देश्य समान था—सशक्त और समर्थ भारत का निर्माण। वरिष्ठ अधिवक्ता श्याम प्रकाश शर्मा ने बताया कि रानी लक्ष्मीबाई ने मात्र 29 वर्ष की उम्र में अंग्रेजों से युद्ध कर वीरगति प्राप्त की, जबकि इंदिरा गांधी ने देश को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि दोनों स्त्री शक्तियों से प्रेरणा लेनी चाहिए।
वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. राम कृष्णलाल जगमग ने कविताओं के माध्यम से दोनों वीरांगनाओं को नमन किया। त्रिभुवन प्रसाद मिश्र ने कहा कि देश के संकटों में इन दोनों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर किया। सामईन फारूकी ने महापुरुषों की स्मृतियों को जीवित रखने पर जोर दिया।
अध्यक्ष बटुकनाथ शुक्ल ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई और इंदिरा गांधी का योगदान सदैव याद रखा जाएगा। कार्यक्रम में संजीव पाण्डेय, अजय कुमार, गणेश, कृष्णचन्द्र पाण्डेय, पृथ्वीराज चौधरी, डॉ. वाहिद अली सिद्दीकी, सच्चिदानंद शुक्ल, रामराज, ओम प्रकाश धर द्विवेदी, दीनानाथ यादव और अफजल हुसेन अफजल सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment