बस्ती। विकास भवन सभाकक्ष में आयोजित जनपद सिंचाई बंधु की बैठक में उपाध्यक्ष गजेन्द्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि शासन की सभी कृषि एवं सिंचाई संबंधी योजनाओं का लाभ किसानों को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से मिलना चाहिए, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो सके। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बैठक में उपस्थित डीसी मनरेगा संजय शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग समयबद्धता और तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा बैठक की कार्यवृत्ति जनप्रतिनिधियों को शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। उपाध्यक्ष ने बकाया गन्ना मूल्य भुगतान, खाद-बीज उपलब्धता तथा नहरों की शिल्ट सफाई के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि नहरों के सर्वे, सफाई और नए प्रोजेक्ट के सेंसन की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाए। नलकूप संचालन की पूर्व सूचना में कमी पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए अद्यतन स्थिति तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
विधायक प्रतिनिधि कप्तानगंज गुलाबचन्द्र सोनकर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर नाराजगी जताई और उनसे स्पष्टीकरण मांगे जाने का निर्देश दिया। उन्होंने मोंथा से प्रभावित किसानों के नुकसान का आकलन कर मुआवजा दिलाने के लिए भी कहा।
एई नलकूप ने बताया कि छह नलकूपों में यांत्रिक व विद्युत दोष के कारण संचालन बाधित है, जिनकी मरम्मत जारी है। कृषि विभाग ने उर्वरक, कृषि रसायन, मिनी किट एवं फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की जानकारी दी। उद्यान विभाग ने बताया कि सब्जी खेती हेतु अनुदानित बीज पात्र किसानों को उपलब्ध कराया जा रहा है। भूमि संरक्षण विभाग ने जानकारी दी कि 49 में से 7 तालाबों की खुदाई पूर्ण हो चुकी है तथा पात्र किसानों को सब्सिडी भी दी जा रही है।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य प्रतिभागी मौजूद रहे। संचालन सरयू नहर खण्ड-4 के सहायक अभियंता अजय कुमार ने किया।

No comments:
Post a Comment