बस्ती। श्री रामलीला महोत्सव से जन-जन को जोड़ने के उद्देश्य से सनातन धर्म संस्था, बस्ती द्वारा रविवार को भव्य जन जागरण शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा श्री कृष्ण पांडेय इंटर कॉलेज स्टेशन रोड से प्रारंभ होकर रोडवेज, गांधीनगर, कंपनी बाग, शास्त्री चौक होते हुए श्री शिव मंदिर अमहट तक उत्साहपूर्वक संपन्न हुई। भगवान श्रीराम की आकर्षक झांकी ने सभी का मन मोह लिया, वहीं एसडीएस पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने घोष वादन से माहौल को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु “जय श्रीराम” के जयघोष के साथ पदयात्रा करते रहे।
यात्रा के मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और जलपान कराकर शोभायात्रा का स्वागत किया। पूरे नगर में भक्ति और उल्लास का वातावरण व्याप्त रहा। संस्था के सदस्य कर्नल के.सी. मिश्र ने बताया कि 31 अक्टूबर से 9 नवम्बर तक सक्सेरिया इंटर कॉलेज प्रांगण में सायं 6:30 बजे से श्री रामलीला महोत्सव का आयोजन होगा। शोभायात्रा का उद्देश्य नगरवासियों को इस आयोजन से जोड़ना है।
श्री शिव मंदिर पर प्रभु श्रीराम और भगवान शिव की आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। शोभायात्रा में डॉ. अश्विनी सिंह, राणा दिनेश प्रताप सिंह, अंकुर वर्मा, गोपेश्वर त्रिपाठी, सहदेव दूबे, मनीष सिंह, डॉ. शैलेश कुमार सिंह, अनिल त्रिपाठी सहित सैकड़ों श्रद्धालु सम्मिलित हुए।

No comments:
Post a Comment